रुड़की: हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक ट्रैक्टर ट्रॉली और एक कार की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, 13 मई मंगलवार की रात को मेरठ के निवासी कार सवार हरिद्वार की ओर जा रहे थे। मंडावली गांव के पास उजाला फैक्ट्री कट के समीप उनकी कार ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि कार ट्रॉली के अंदर जा घुसी। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मरने वालों की पहचान
चिकित्सकों ने कार सवार शुभम गोयल, पुत्र राजेंद्र गोयल, निवासी गुरुद्वारा रोड, मोदीपुरम, मवाना, मेरठ और एक अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है और मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी है। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य भी सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां वे शोक में डूबे हुए थे।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। घायल व्यक्ति का उपचार जारी है, और तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
