Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: बांग्लादेशी महिला और उसके परिजनों की गिरफ्तारी, पहले पति की मौत के बाद आई भारत- BANGLADESHI WOMAN IN HARIDWAR

हरिद्वार: हरिद्वार में पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला, उसके मौजूदा पति और पूर्व पति के नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया है। महिला कुछ वर्षों से उत्तराखंड में रह रही थी और उसने यूपी के एक निवासी से शादी कर ली थी, जिससे उसकी तीन वर्षीय बेटी भी है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि जब एलआईयू और हरकी पैड़ी चौकी की पुलिस ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में एक झुग्गी में रहने वाले दंपति से पूछताछ की, तो महिला की भाषा स्थानीय नहीं लगी। जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो पता चला कि महिला का मूल निवास बांग्लादेश है। वह कई साल पहले अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ भारत आई थी और हरिद्वार में संतोष दुबे नामक व्यक्ति से शादी कर ली।

महिला का असली नाम रुबीना अख्तर है, जो ढाका, बांग्लादेश की निवासी है। उसके पास फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद हुए हैं। एक आधार कार्ड पर उसका पता ब्रह्मपुरी लिखा है, जबकि पैन कार्ड पर उसका नाम रूबी देवी के नाम से दर्शाया गया है। एसएसपी के अनुसार, उसके पति ने उसके लिए फर्जी दस्तावेज बनाए थे।

महिला और उसके पति दिहाड़ी मजदूरी करते थे, जबकि उनका 13 वर्षीय बेटा भी बांग्लादेशी नागरिक होने के बारे में जानता था। पुलिस फर्जी दस्तावेज बनाने वालों की पहचान करने की भी कोशिश कर रही है। गिरफ्तार दंपति के अलावा नाबालिग बेटे को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि तीन साल की बेटी मां के साथ जेल में रहेगी।

Leave a Comment