Udayprabhat
uttrakhandweather

टिहरी में बारिश ने बरपाया कहर, कई बस्तियों और वाहन मलबे में दबे, लोगों ने भागकर बचाई जान

टिहरी गढ़वाल : उत्तराखंड के टिहरी जिला मुख्यालय के बोराडी में तेज बारिश से आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। वाल्मीकि बस्ती में हुई मूसलधार बारिश के कारण मलबा कई घरों में घुस गया, जिससे दो कारें, दो बाइक और एक स्कूटी मलबे में दब गईं। कई स्थानीय लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष किया।

टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने बताया कि नई टिहरी में मलबा आने वाले इलाकों की सड़कों को खोलने का कार्य किया जा रहा है। आंचल डेरी के पास लगातार मलबा आने की समस्या है, जो निर्माणाधीन सेंट्रल स्कूल के कारण हो रही है। अधिकारियों को मलबा हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

उप जिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मूसलधार बारिश के कारण 29 परिवार प्रभावित हुए हैं, और उनके लिए राहत और राशन की व्यवस्था की जा रही है।

स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने बताया कि एक नाले के जाम होने से पूरा पानी बस्ती में आ गया, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। पानी भरने से कई घरों में कई फीट तक जल जमा हो गया और लोग अपने घरों में फंस गए।

ई-टिहरी में बन रहे केंद्रीय विद्यालय की सुरक्षा दीवार भी बारिश के कारण ढह गई, हालांकि गुडलक से कोई जनहानि नहीं हुई। निर्माण कंपनी के इंचार्ज सौरभ जैन ने कहा कि दीवार के गिरने से लगभग 40 लाख का नुकसान हुआ है, लेकिन मुख्य इमारत सुरक्षित है। विद्यालय का निर्माण 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

Leave a Comment