Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: झोपड़ी में आग से मासूम की मौत, भाई गंभीर हालत में एम्स रेफर

हरिद्वार। शहर के चंडी घाट पुल के समीप गौरीशंकर पार्किंग क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक झोपड़ी में आग लगने से उसमें सो रहे दो मासूम भाई झुलस गए। तीन वर्षीय कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय मुन्ना को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पटना (बिहार) के दुल्हन बाजार थाना क्षेत्र के पाडलीगंज निवासी सोनू (34 वर्ष) अपने परिवार के साथ रोजगार के सिलसिले में गौरीशंकर पार्किंग क्षेत्र में अस्थायी झोपड़ी में रह रहा था। बीती रात सोनू ने अपने दो छोटे बेटों कृष्णा और मुन्ना को झोपड़ी के अंदर सुलाया, जबकि वह स्वयं पत्नी सुनीता (30 वर्ष) और दो बेटियों नंदिनी (9 वर्ष) व मुस्कान (6 वर्ष) के साथ बाहर सो रहा था।

परिवार के अनुसार, झोपड़ी में रोशनी के लिए मोमबत्ती जलाई गई थी। आशंका है कि मोमबत्ती गिर गई और धीरे-धीरे जलते हुए रात में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि झोपड़ी में सो रहे दोनों मासूम उसकी चपेट में आ गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। आग पर काबू पाने के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक कृष्णा की मौत हो चुकी थी। मुन्ना करीब 30 प्रतिशत झुलस चुका था। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

Leave a Comment