Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

उत्तराखंड में तंबाकू नियंत्रण की दिशा में ऐतिहासिक पहल, 12 सैटेलाइट उपचार केंद्रों और लाइसेंस प्रणाली की शुरुआत

देहरादून: राष्ट्रीय तंबाकू निषेध सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिले में 12 सैटेलाइट तंबाकू उन्मूलन केंद्रों (एसटीसीसी) का विधिवत शुभारंभ किया। इन केंद्रों का उद्देश्य तंबाकू का सेवन करने वालों को परामर्श, उपचार और सहायता प्रदान करना है। इसके संचालन हेतु विस्तृत एडवाइजरी प्रोटोकॉल भी जारी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में तंबाकू विक्रेताओं के लिए लाइसेंस प्रणाली की शुरुआत की गई। अब कोई भी दुकानदार बिना अधिकृत लाइसेंस के तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं कर सकेगा। नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि इस संबंध में आवश्यक गजट अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। यह उत्तराखंड राज्य में अपनी तरह की पहली पहल है।

जिलाधिकारी ने कहा कि तंबाकू निषेध अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में तंबाकू उपचार केंद्र (टीसीसी) स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने दंत चिकित्सकों से अनुरोध किया कि वे नियमित रूप से मरीजों की स्क्रीनिंग करें और तंबाकू सेवन करने वालों को परामर्श एवं चिकित्सा सहायता प्रदान करें।

कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई गई और एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण हेतु सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया। एनसीसी कैडेट्स और नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने तंबाकू से होने वाले खतरों को प्रभावी ढंग से दर्शाया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।

Leave a Comment