देहरादून: उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और साइबर थाना कुमाऊं की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह के 6 सदस्यों को नैनीताल जनपद के काठगोदाम क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 6 लैपटॉप, 23 स्मार्टफोन, 17 एक्टिव सिम कार्ड, 9 फर्जी बैंक खातों की जानकारी, बारकोड स्कैनर, वाई-फाई डिवाइस, एटीएम कार्ड और चेकबुक सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी युवकों को प्रशिक्षण देकर फर्जी वेबसाइटों और गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर में साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था। वे WhatsApp और Telegram जैसे प्लेटफार्मों का इस्तेमाल कर पीड़ितों की निजी जानकारी और ओटीपी हासिल कर उनके खातों से रकम ट्रांसफर करते थे।
गिरोह का संचालन कथित रूप से “सचिन मित्तल”, “प्रियांशु शर्मा” और “सौरभ तिवारी” द्वारा किया जा रहा था। इनका नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ है.
