Udayprabhat
uttrakhandराजनीति

चारधाम यात्रा के दौरान बीकेटीसी के वित्त अधिकारी की छुट्टी पर कांग्रेस की प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने उठाए सवाल

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) से वित्त अधिकारी आनंद सिंह की अचानक छुट्टी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के चरम समय में वित्त अधिकारी को हटाया जाना कई संदिग्ध संकेत देता है।

दसौनी के अनुसार, आनंद सिंह को समिति की वित्तीय अनियमितताओं पर कार्रवाई के चलते हटाया गया। उन्होंने कई नियमविहीन खर्चों और टेंडर प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों पर आपत्ति जताई थी, जिससे समिति में हलचल मच गई।

गरिमा ने आरोप लगाया कि नए अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण करने के बाद समिति को नियंत्रित कर रहे कुछ ताकतवर लोगों ने नियमों का पालन कराने वाले अधिकारी को हटवा दिया। वहीं, समिति के CEO की नियुक्ति को भी नियमविरुद्ध बताया, जिनकी योग्यता सेवा नियमावली के अनुरूप नहीं है।
दसौनी ने कहा कि CEO ने वित्त अधिकारी को दरकिनार करते हुए 40 कर्मियों को नियमविरुद्ध ACP का लाभ भी दिया, जिसकी शिकायत शासन को की गई, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर समिति को अब पर्यटन विभाग के अधीन कर दिया गया है और CEO की नियुक्ति फाइल विभाग में लंबित है, जबकि नियमों की बात करने वाले अधिकारी को हटा दिया गया है। गरिमा ने राज्य सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

Leave a Comment