Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

डॉ. इंदिरा हृदयेश की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, नेताओं ने याद किए योगदान

देहरादून: वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उत्तराखंड कांग्रेस ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें एक कुशल प्रशासक, सशक्त वक्ता और संगठन की रीढ़ बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि स्वर्गीय एच.एन. बहुगुणा और एन.डी. तिवारी के बाद डॉ. इंदिरा हृदयेश के पास सबसे अधिक संसदीय अनुभव था। वे न सिर्फ लोकप्रिय जननेत्री थीं, बल्कि सदन में फ्लोर मैनेजमेंट में भी पारंगत थीं।

धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के बाद वे पहली अंतरिम विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता रहीं, वहीं निर्वाचित सरकार में पीडब्ल्यूडी और संसदीय कार्य मंत्री बनीं। तीसरी विधानसभा में उन्हें वित्तमंत्री और चौथी में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने संगठन और सरकार दोनों जगह अपनी प्रभावशाली भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र शाह, जगदीश धीमान, प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, ओबीसी प्रकोष्ठ के समन्वयक सीपी सिंह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह व शीशपाल बिष्ट, महिला कांग्रेस महामंत्री सुशीला शर्मा, निधि नेगी, सूरज छेत्री सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने डॉ. इंदिरा हृदयेश को कांग्रेस की प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment