Udayprabhat
uttrakhand

बिना बताए दिल्ली घूमने निकले पिथौरागढ़ के छह किशोर पुलिस ने खटीमा से किए बरामद..परिजनों को सौंपे

रुद्रपुर/पिथौरागढ़ : पिथौरागढ़ से बिना किसी को सूचित किए दिल्ली की सैर पर निकले छह किशोरों को खटीमा में पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की थी।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि बच्चों के पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए रवाना होने की सूचना मिलने पर, पिथौरागढ़ पुलिस ने ऊधम सिंह नगर पुलिस से संपर्क किया। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खटीमा में दिल्ली जा रही बसों की तलाशी ली गई, जिसमें सभी छह किशोरों को खोज निकाला गया।

पूछताछ में पता चला कि किशोरों ने जेब खर्च से पैसे जमा कर दिल्ली घूमने का प्लान बनाया था। परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी, जिससे घरवालों में हड़कंप मच गया। देर रात तक बच्चों के घर न लौटने पर परिवारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्चों को समझाइश देने के बाद उनके अभिभावकों को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों पर ध्यान दें और समय-समय पर संवाद बनाए रखें।

Leave a Comment