Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

भारतीय सेना में अधिकारी बने रानीखेत के दो युवा, IMA देहरादून की पासिंग आउट परेड में बढ़ाया कुमाऊं का मान

रानीखेत:  कुमाऊं की धरती से एक बार फिर गौरवपूर्ण क्षण सामने आया है। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून में आयोजित पासिंग आउट परेड (POP) में रानीखेत उपमंडल के दो युवाओं – अभिनव पांडे और साकेत बिष्ट ने अंतिम पग भरते हुए भारतीय सेना में अधिकारी बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

अभिनव पांडे – राजपूत रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट.

ताड़ीखेत ब्लॉक के शिशुवा गांव निवासी अभिनव पांडे ने वर्ष 2023 में CDS परीक्षा में ऑल इंडिया 21वीं रैंक प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने IMA में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर राजपूत रेजिमेंट में बतौर लेफ्टिनेंट भारतीय सेना का हिस्सा बनने का गौरव हासिल किया।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा स्प्रिंगफील्ड पब्लिक स्कूल रानीखेत से हुई, जबकि 12वीं आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत से उत्तीर्ण की। स्नातक की पढ़ाई एसएसजे परिसर, अल्मोड़ा से बीएससी (PCM) में की।
उनके पिता दिनेश चंद्र पांडे ब्लॉक प्रशासनिक अधिकारी हैं, वहीं माता गीता पांडे प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका हैं।
अभिनव के बड़े भाई कैप्टन अनुभव पांडे पहले से भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट में कार्यरत हैं। पूरे परिवार ने IMA की POP में सम्मिलित होकर बेटे की उपलब्धि को गर्व से देखा।

साकेत बिष्ट – आर्टिलरी रेजिमेंट में अधिकारी.

द्वाराहाट विकासखंड के सुदूर सिमोली गांव निवासी साकेत बिष्ट ने भी IMA की 156वीं पासिंग आउट परेड में भाग लेते हुए सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया।
साकेत ने 2021 में NDA परीक्षा पास कर पुणे में तीन वर्ष का प्रशिक्षण पूरा किया और फिर IMA में अंतिम सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। अब वे भारतीय सेना की 159 मीडियम रेजिमेंट (आर्टिलरी) का हिस्सा बनेंगे।
उनके पिता नवीन बिष्ट, भारतीय सेना के सब-एरिया हेडक्वार्टर देहरादून में कार्यरत हैं और माता रश्मि बिष्ट एलआईसी में अभिकर्ता हैं।

इन दोनों युवाओं की सफलता से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। यह न केवल उनके परिवारों के लिए गौरव का विषय है, बल्कि कुमाऊं की युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा स्रोत है।

Leave a Comment