Udayprabhat
uttrakhandदेश

केदारनाथ हादसे में जान गंवाने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल राजवीर सिंह को पत्नी ने दी नम आंखों से अंतिम विदाई- KEDARNATH HELICOPTER CRASH

सेना से रिटायर होकर पायलट बने राजवीर सिंह को श्रद्धांजलि, हादसे में 7 लोगों की गई थी जान.

जयपुर: केदारनाथ हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद हुए भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल राजवीर सिंह चौहान को मंगलवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। 15 जून को हुए इस हादसे में राजवीर सहित कुल 7 लोगों की मौत हो गई थी।

मंगलवार सुबह शास्त्री नगर स्थित राणा कॉलोनी से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जो चांदपोल मोक्षधाम तक पहुंची। विदाई से पहले परिजनों, स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पत्नी और सेना की अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल दीपिका चौहान ने राजवीर को सैल्यूट कर भावभीनी विदाई दी। वे अंतिम यात्रा में उनकी तस्वीर थामे शामिल रहीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग भावुक माहौल में मौजूद रहे। सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य भी राजवीर सिंह के घर पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित किए। दोनों नेता अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए।

चार महीने पहले बने थे जुड़वां बच्चों के पिता:

राजवीर सिंह सेना की एविएशन विंग में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात थे। सितंबर 2023 में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने एक निजी एविएशन कंपनी में बतौर पायलट सेवाएं देनी शुरू की थीं। हादसे वाले दिन, रविवार सुबह वे श्रद्धालुओं को हेलिकॉप्टर से केदारनाथ ले जा रहे थे, तभी खराब मौसम के चलते उनका हेलिकॉप्टर गौरीकुंड क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सभी 7 लोगों की मौत हो गई थी।

राजवीर की पत्नी दीपिका अभी भी भारतीय सेना में कार्यरत हैं। परिवार के लिए यह दुख और भी बड़ा है क्योंकि करीब चार महीने पहले ही दीपिका ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था।

Leave a Comment