कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत.
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के मोरा तोक, ओडाटा गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्य मलबे में दबकर मौत के शिकार हो गए।
यह हादसा शुक्रवार रात करीब दो बजे हुआ, जब गुलाम हुसैन के आवासीय मकान की दीवार अचानक गिर गई। हादसे में गुलाम हुसैन (26 वर्ष), उनकी पत्नी रुकमा खातून (23 वर्ष), तीन वर्षीय पुत्र आबिद और 10 माह की पुत्री सलमा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी जब्बर सिंह असवाल, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। लेकिन तब तक चारों को नहीं बचाया जा सका।
तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने बताया कि हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच में भारी बारिश और मकान की जर्जर स्थिति को कारण माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
