कैंपटी स्टैंड पर स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ का विरोध करने पर चाकू से हमला। एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल।
पुलिस ने 2 पर्यटकों को गिरफ्तार किया, 2 फरार.
मसूरी: पर्वतीय पर्यटन स्थल मसूरी एक बार फिर पर्यटकों की मनमानी और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चर्चा में है। कैंपटी स्टैंड के पास स्कूल से लौट रहीं छात्राओं से पंजाब से आए चार पर्यटकों ने छेड़छाड़ और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। जब छात्रा के भाई और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो मामला हिंसक हो गया।
विवाद के दौरान एक पर्यटक ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पर्यटकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
मसूरी पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और पर्यटकों के प्रति नियमों के सख्त पालन की मांग की जा रही है।
