Udayprabhat
accidentBreaking Newsuttrakhand

उत्तराखण्ड: देवप्रयाग में बस और कार की भीषण टक्कर, दिल्ली के तीन पर्यटक गंभीर घायल

देवप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मूल्यगांव के पास आज एक बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार दिल्ली के एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएससी पाली भेजा गया है।

थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बुटोला ने जानकारी दी कि रुद्रप्रयाग से ऋषिकेश आ रही बस और ऋषिकेश से बदरीनाथ जा रही कार की टक्कर मूल्यगांव के मोड़ पर हुई। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।

मूल्यगांव के स्थानीय निवासी राजेंद्र ने बताया, “हम अचानक जोर की आवाज सुनकर मौके पर दौड़े। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी और उसमें सवार लोग मदद के लिए पुकार रहे थे। आसपास के लोगों ने शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।”

हादसे के बाद करीब एक घंटे तक ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस द्वारा क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे किए जाने के बाद यातायात दोबारा सुचारु किया गया।

Leave a Comment