तेहरवीं वाले दिन टूटा दूसरा पहाड़, बेटे की तेरहवीं की तैयारी में जुटे परिवार पर फिर टूटा दुख का सैलाब, मां की हार्ट अटैक से मौत.
ग़म में डूबा परिवार, मातम का माहौल
बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सकीं मां, एक ही महीने में दो-दो शवों ने झकझोर दिया परिवार और मोहल्ला.
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के केदारनाथ के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले पायलट राजवीर सिंह की मौत के 13 दिन बाद उनकी मां विजय लक्ष्मी चौहान का भी निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
गौरतलब है कि 15 जून को केदारनाथ धाम के समीप गौरीकुंड में खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। इस हादसे में पायलट राजवीर सिंह सहित सात लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी। राजवीर सिंह राजस्थान के जयपुर स्थित शास्त्री नगर के रहने वाले थे। हादसे के बाद से ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।
राजवीर की तेरहवीं की तैयारी के बीच एक और बड़ा झटका तब लगा, जब उनकी मां विजय लक्ष्मी चौहान की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मोहल्लेवालों और परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि विजय लक्ष्मी अपने बेटे की असमय मौत के बाद से लगातार सदमे में थीं और बिल्कुल टूट चुकी थीं। बेटे की तेरहवीं के दिन ही उनकी भी विदाई हो गई, जिससे पूरे परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर है। परिजनों ने विजय लक्ष्मी का अंतिम संस्कार कर दिया है।
