हरिद्वार: हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के पांच कांवड़िये तेज बहाव में बह गए, लेकिन समय रहते SDRF की टीम ने सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया। ये सभी कांवड़िए हरियाणा के गुरुग्राम जिले के फरुखनगर के निवासी बताए जा रहे हैं।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जैसे ही गंगा में स्नान कर रहा परिवार बहने लगा, घाट पर चीख-पुकार मच गई। इस दौरान तुरंत सूचना मिलने पर SDRF की टीम राफ्ट के साथ मौके पर पहुंची और जोखिम उठाते हुए सभी पांचों को बाहर निकाला।
एसआई आशीष त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगा के तेज बहाव और गहराई का अंदाज़ा न लग पाने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि अब तक कांवड़ मेला शुरू होने के बाद SDRF की टीम 30 से अधिक लोगों को बचा चुकी है।
परिजनों ने SDRF टीम का आभार जताया और उनकी तत्परता की सराहना की। साथ ही एसआई त्यागी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सावन के इस पावन महीने में गंगा के उफान को देखते हुए स्नान करते समय विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
