श्रीनगर गढ़वाल: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना कहीं न कहीं से दुर्घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। मंगलवार सुबह ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई, जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा देवप्रयाग के मूल्यगांव स्थित पतंजलि आश्रम के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, एक खाली ट्रक देवप्रयाग से श्रीनगर की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर आ रहा था। दोनों ट्रकों के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई, जिससे ट्रक चालक ताजबर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, दूसरा चालक महावीर महर पुत्र सुर्जन सिंह, निवासी ग्राम ज्ञानासु (टिहरी), गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थानाध्यक्ष लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, और दोनों ट्रकों को हटवाकर यातायात बहाल किया गया। मृतक और घायल चालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
