अमित शाह के दौरे से पहले रुद्रपुर में अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात.
रुद्रपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 19 जुलाई को एकदिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रुद्रपुर पहुंचेंगे, जहां वे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट ग्राउंडिंग सेरेमनी में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री के साथ देश के प्रमुख औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में:
समारोह की तैयारियों को लेकर राज्य प्रशासन और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी भी उपस्थित रहे और उन्होंने तैयारियों की समीक्षा बैठक की।
पुलिस बल तैनात, सुरक्षा चाक-चौबंद:
कार्यक्रम को लेकर राज्यभर से अतिरिक्त पुलिस बल रुद्रपुर बुलाया गया है। एडीजी अंशुमान ने स्टेडियम स्थित शिवालिक हॉल में पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग करते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मी सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जानकारी दी कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
निवेश को मिलेगा प्रोत्साहन:
उत्तराखंड निवेश उत्सव के इस आयोजन में देश की नामी-गिरामी कंपनियों की भागीदारी संभावित है, जिससे राज्य में औद्योगिक निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह समारोह राज्य सरकार के ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023’ की ग्राउंडिंग प्रक्रिया का अहम हिस्सा है।
