Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: DM बनकर की 20 लाख की ठगी, पति की मौत के बाद विधवा महिला को दी जान से मारने की धमकी

हक और भरोसे के बदले मिला धोखा, और फिर मौत…
“डीएम” बनकर 20 लाख की ठगी, अब जान से मारने की धमकी.
श्यामपुर निवासी एक व्यक्ति पर आरोप — नौकरी, एजेंसी और फर्जी प्रमाण पत्र के नाम पर पैसे ऐंठे, महिला ने कोर्ट से लगाई न्याय की गुहार, पति को ब्रेन अटैक के बाद हुई मौत.

उधमसिंह नगर: काशीपुर की रहने वाली एक विधवा महिला ने श्यामपुर निवासी व्यक्ति पर खुद को डीएम बताकर करीब 20 लाख रुपये की ठगी करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि ठगी की वजह से उनके पति को गहरा मानसिक सदमा पहुंचा, जिसके कारण उन्हें ब्रेन अटैक आया और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पीड़िता ज्योति बिष्ट, निवासी ओम कुंज विहार कॉलोनी, कुंडेश्वरी, काशीपुर ने न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोप लगाया है कि श्यामपुरम कॉलोनी के राघवेन्द्र कुमार मिश्रा, जो खुद को डीएम बताकर झूठे वादे करता था, ने वर्ष 2023 में उनके पति सुरेश सिंह बिष्ट से संपर्क किया। सुरेश सिंह प्रॉपर्टी डीलर थे। राघवेन्द्र ने उन्हें जमीन खरीदने की बात कहकर मित्रता बढ़ाई और फिर नौकरी लगवाने, खाद्य उर्वरक एजेंसी दिलवाने तथा प्रमाण पत्र दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगे।

ज्योति बिष्ट ने बताया कि आरोपी ने अपने परिवार सहित योजना बनाकर उनके पति से कई बैंक खातों के जरिये किस्तों में रुपये मंगवाए। इनमें उनके बेटों, भतीजे, साले और अन्य रिश्तेदारों के खातों से भी रकम ट्रांसफर कराई गई। राघवेन्द्र मिश्रा और उसकी गोद ली हुई बेटी अंशिका तिवारी ने फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर दिए और फिर लगातार और पैसे की मांग करते रहे।

जनवरी 2025 में जब आरोपियों ने दोबारा 7 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो अब तक दी गई रकम भी बेकार हो जाएगी, तब उनके पति मानसिक तनाव में आ गए। 15 जनवरी को उन्हें ब्रेन अटैक आया, और 22 जनवरी को नई दिल्ली स्थित मैक्स अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

पति की मौत के बाद जब ज्योति ने ठगे गए पैसों की मांग की, तो आरोपियों ने उन्हें और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राघवेन्द्र मिश्रा, उसकी पत्नी प्रीति मिश्रा और अंशिका तिवारी पहले भी कई जिलों में इसी तरह से लोगों से ठगी कर चुके हैं।

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 506 (धमकी) के तहत तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने सभी आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment