अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद के द्वाराहाट विकासखंड के अंतर्गत आने वाले राजकीय प्राथमिक विद्यालय गनोली स्थित मतदान केंद्र संख्या 46 पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत आज पुनर्मतदान कराया जा रहा है। यह कदम निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। दोपहर 12 बजे तक यहां 35.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जबकि मतदाता अभी भी लाइन में लगे हुए हैं।
बता दें कि द्वितीय चरण का मतदान 28 जुलाई को हुआ था, जिसमें अल्मोड़ा जिले के हवालबाग, द्वाराहाट, सल्ट, स्याल्दे और भिकियासैंण विकासखंड शामिल थे। द्वाराहाट के गनोली बूथ पर पांच प्रत्याशी क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में हैं और कुल 410 मतदाता पंजीकृत हैं।
इस बूथ पर मतदान के दौरान गड़बड़ी सामने आई थी। प्रत्याशी कुंती फुलारा ने आरोप लगाया कि मतपत्र में उनके चुनाव चिन्ह ‘अनार’ को प्रथम स्थान पर अंकित नहीं किया गया था और मतपत्र फटे हुए भी थे। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने मतदान प्रक्रिया रोकने की मांग की और मौके पर हंगामा किया। प्रत्याशी द्वारा इस संबंध में लिखित शिकायत रिटर्निंग ऑफिसर प्रभात रंजन को सौंपी गई थी, जिन्होंने मामले की रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजी।
जिला निर्वाचन अधिकारी की संस्तुति पर राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बूथ पर पुनर्मतदान का आदेश जारी किया। आयोग ने मतदान प्रक्रिया में आई तकनीकी खामियों और नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया। साथ ही, आयोग ने मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
आज 30 जुलाई को सुबह से ही मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए बूथ पर पहुंच रहे हैं। प्रशासन द्वारा मतदान स्थल पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पुनर्मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।
इस बूथ की मतगणना कल, 31 जुलाई को की जाएगी। मतपेटियों को मतदान के तुरंत बाद सील कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा, जहां कल प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों से बाहर आएगा।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव की यह प्रक्रिया उत्तराखंड में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, और निर्वाचन आयोग इसे निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरत रहा है।
