कोटद्वार की अभिनेत्री का दावा, बैगेज बेल्ट से क्रिश्चियन डायर का बैग गायब
विंबलडन देखने गई थीं उर्वशी, एयरलाइंस और एयरपोर्ट अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
सोशल मीडिया पर फिर उठे सवाल, क्या यह पब्लिसिटी स्टंट तो नहीं?
कोटद्वार/लंदन: बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला एक बार फिर चर्चाओं में हैं। इस बार वजह है लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर हुआ एक कथित चोरी का मामला। अभिनेत्री ने दावा किया है कि विंबलडन टूर्नामेंट के लिए लंदन पहुंचने के बाद उनका 70 लाख रुपये के आभूषणों से भरा एक लग्जरी सूटकेस हवाई अड्डे से चोरी हो गया।
उत्तराखंड के कोटद्वार की रहने वाली उर्वशी ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि उनका क्रिश्चियन डायर ब्राउन बैग, जिसमें कीमती गहने और जरूरी सामान था, गैटविक एयरपोर्ट की बैगेज बेल्ट से रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। उन्होंने बताया कि “हमारे पास बैग का टैग और टिकट दोनों थे, लेकिन बैग सीधे बेल्ट से गायब हो गया।”
उर्वशी, जो खुद को एक प्लैटिनम एमिरेट्स सदस्य और अंतरराष्ट्रीय कलाकार बताती हैं, ने कहा कि यह मामला केवल बैग खोने का नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने एमिरेट्स एयरलाइंस और गैटविक एयरपोर्ट अधिकारियों से मदद लेने की कोशिश की, लेकिन उनका कहना है कि किसी ने सहयोग नहीं किया।
अभिनेत्री की टीम ने मीडिया को एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक बैग का कोई सुराग नहीं मिला है।
हालांकि इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली हैं। कुछ लोग इसे सुरक्षा में गंभीर चूक मान रहे हैं, तो कई अन्य इसे महज एक पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं। दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब उर्वशी किसी चोरी के दावे को लेकर सुर्खियों में आई हों। इससे पहले जुलाई में, उनकी मां ने पूर्व मैनेजर वेदिका प्रकाश शेट्टी पर भी चोरी का आरोप लगाया था, लेकिन बाद में वह मामला ठंडे बस्ते में चला गया और कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आए।
अब एक बार फिर उर्वशी ने 70 लाख की चोरी का दावा कर चर्चाओं को हवा दे दी है। फिलहाल, लंदन पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है।
इस मामले ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की सुरक्षा प्रणाली और एयरलाइंस की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि यह दावा सच साबित होता है तो यह एक बड़ी चूक मानी जाएगी। वहीं, अगर यह सिर्फ प्रचार के उद्देश्य से किया गया दावा है, तो यह यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ माना जाएगा।
अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और क्या उर्वशी रौतेला को उनका कीमती सामान वापस मिल पाएगा या नहीं।
