स्वतंत्रता दिवस से पहले मॉक ऑपरेशन में डमी बम और घुसपैठिए पहुंच गए लाल किले के भीतर, सुरक्षा में चूक पर तत्काल कार्रवाई.
नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। लेकिन इसी बीच ऐतिहासिक धरोहर लाल किले की सुरक्षा में गंभीर चूक सामने आई है। मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा एजेंसियों द्वारा भेजे गए डमी आतंकियों और डमी बम लाल किले के भीतर तक पहुंच गए, जिसे पुलिसकर्मी रोकने में विफल रहे। इस चूक के चलते लाल किले की सुरक्षा में तैनात सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
डीसीपी नॉर्थ सेंट्रल राजा बांठिया ने जानकारी दी कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगातार मॉक ड्रिल और चेकिंग के जरिए सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। शनिवार रात को हुए मॉक ऑपरेशन में डमी आतंकवादी बिना किसी रुकावट के लाल किले में घुस गए, जिससे ड्यूटी में तैनात जवानों की लापरवाही उजागर हुई।
इस चूक के बाद तत्काल प्रभाव से संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि यह कोई सुरक्षा में सेंध नहीं, बल्कि तैयारी को जांचने का तरीका था, जिससे खामियों को समय रहते दूर किया जा सके।
इसी बीच सोमवार को लाल किले में घुसपैठ कर रहे पांच बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया। पूछताछ में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई, लेकिन सभी को हिरासत में लेकर डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डीसीपी बांठिया ने बताया कि 15 अगस्त को लेकर लाल किले की सुरक्षा अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचा दी गई है। सभी प्रमुख एंट्री पॉइंट्स जैसे आईआईटी गेट, नेटा गेट और लोहे वाले गेट पर ट्रिपल लेयर सुरक्षा लगाई गई है। पुलिस और अर्धसैनिक बल 24 घंटे तैनात हैं।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन शांतिपूर्वक और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।
