Udayprabhat
Entertainmentदुनियादेश

‘कूली’ बनाम ‘वॉर 2’, 14 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर होगा महा-मुकाबला- COOLIE VS WAR 2

हैदराबाद: साल की सबसे बड़ी और सबसे चर्चित एक्शन फिल्मों में से एक ‘कूली’ इस 14 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। लोकेश कनगराज के निर्देशन और सुपरस्टार रजनीकांत की पावर-पैक्ड मौजूदगी से सजी यह फिल्म पहले ही दर्शकों के बीच रोमांच और उत्सुकता की लहर पैदा कर चुकी है। दिलचस्प बात यह है कि उसी दिन रिलीज होगी यशराज स्पाई यूनिवर्स की ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइज़ी ‘वॉर 2’, जिसमें ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर एक्शन के नए आयाम गढ़ते दिखेंगे।

रजनीकांत के 50 साल पूरे – एक सुनहरा जश्न

भारतीय सिनेमा में आधी सदी पूरी कर चुके रजनीकांत ‘कूली’ में एक बार फिर ग्रिट्टी और मास-हैवी अवतार में लौट रहे हैं। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि 50 साल के स्टारडम, स्टाइल और स्वैग का सेलिब्रेशन है। इससे पहले रजनी ने फिल्म ‘जेलर’ से फैन्स को भरपूर एंटरटेन किया था, लेकिन ‘कूली’ में उनका अंदाज और भी तीखा, रौद्र और एक्शन से भरपूर होने वाला है।

आमिर खान की तमिल सिनेमा में एंट्री

फिल्म में सबसे बड़ा सरप्राइज है आमिर खान का तमिल सिनेमा में डेब्यू। वे एक हाई-ऑक्टेन, स्टाइलिश और पहले कभी न देखे गए एक्शन रोल में नजर आएंगे। रजनीकांत के साथ यह उनकी 30 साल बाद दूसरी फिल्म होगी, पिछली बार दोनों ‘आतंक ही आतंक’ (1995) में साथ दिखे थे।

नागार्जुन का विलेन अवतार

टॉलीवुड के मास स्टार नागार्जुन अपने 40 साल के करियर में पहली बार विलेन के रूप में दिखेंगे। इंडस्ट्री में चर्चा है कि उनका किरदार हाल के भारतीय सिनेमा के सबसे लेयर्ड और खतरनाक खलनायकों में गिना जाएगा। यह कास्टिंग न सिर्फ बोल्ड है बल्कि उनकी इमेज को एक नया मोड़ देती है।

उपेंद्र और सौबिन शाहिर की पावरफुल मौजूदगी

कन्नड़ सिनेमा के विजनरी अभिनेता-निर्देशक उपेंद्र अपनी अनोखी पसंद और इंटेंस स्क्रीन प्रेजेंस के लिए जाने जाते हैं। ‘कूली’ में उनका किरदार कहानी में गहराई और पैन-इंडियन फ्लेवर जोड़ेगा।
वहीं, मलयालम सिनेमा के बहुमुखी अभिनेता सौबिन शाहिर फिल्म में एक सरप्राइज पैकेज साबित हो सकते हैं। उनका मजेदार डांस नंबर ‘मोनिका’ पहले ही दर्शकों को लुभा चुका है।

सत्यराज और रजनीकांत की जोड़ी 35 साल बाद

महानायक सत्यराज अपनी टॉवरिंग स्क्रीन प्रेजेंस के लिए मशहूर हैं। ‘कूली’ में वे एक दमदार रोल में नजर आएंगे। खास बात यह है कि रजनीकांत के साथ उनकी जोड़ी 35 साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रही है।

लोकेश कनगराज का सिग्नेचर एक्शन

‘कैथी’, ‘मास्टर’, ‘लियो’ और ‘विक्रम’ जैसी हिट फिल्मों के निर्देशक लोकेश कनगराज पहली बार रजनीकांत के साथ काम कर रहे हैं। अपनी ग्रिट्टी और हाई-स्टेक्स थ्रिलर्स के लिए मशहूर लोकेश ‘कूली’ में भी वही सिग्नेचर एक्शन और कहानी की पकड़ लेकर आ रहे हैं। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि ‘कूली’ तमिल सिनेमा की पहली 1000 करोड़ कमाने वाली फिल्म बन सकती है।

वॉर 2 का मुकाबला

दूसरी तरफ, ‘वॉर 2’ भी किसी मायने में कम नहीं। ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की मास एक्शन जोड़ी के साथ यशराज स्पाई यूनिवर्स का नाम ही इसे बड़े स्तर पर पहुंचा देता है। वॉर 2 का सबसे बड़ा USP यही है कि यह फ्रेंचाइज़ी पहले से ही दर्शकों के दिल में जगह बना चुकी है।

14 अगस्त – सिनेमा प्रेमियों का त्योहार

14 अगस्त 2025 सिर्फ दो बड़ी फिल्मों की टक्कर का दिन नहीं, बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा के लिए एक महा-इवेंट जैसा होगा। एक तरफ रजनीकांत के 50 साल के सफर का जश्न मनाती ‘कूली’, दूसरी तरफ देशी-जासूसी एक्शन को नए लेवल पर ले जाती ‘वॉर 2’। बॉक्स ऑफिस पर कौन जीतेगा, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन दर्शकों के लिए यह दिन किसी त्योहार से कम नहीं होगा।

Leave a Comment