देहरादून: रायवाला थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने आए तीन शातिर चोर पुलिस की गिरफ्त में आ गए। स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता से आरोपी रंगे हाथ दबोचे गए। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामला 16 अगस्त की रात का है। वैदिक नगर प्रथम, ग्राम प्रतीतनगर निवासी सुमित पुत्र बाबू राम ने थाना रायवाला में तहरीर दी कि उनकी मोटरसाइकिल संख्या UK14H-8694 को तीन युवक चोरी कर भाग रहे थे। शोर मचाने पर स्थानीय लोग एकत्र हुए और आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UK14H-8694, रंग काला) बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं, जिन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों की सतर्कता से यह वारदात समय रहते विफल हो गई। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि अपराधियों को दबोचा जा सके।
