पोलैंड डायमंड लीग से हटने के बावजूद मिला फाइनल का टिकट
जर्मनी के जूलियन वेबर और त्रिनिदाद के केशोर्न वाल्कोट भी पहुंचे फाइनल में
नई रैंकिंग में नीरज तीसरे स्थान पर, वाल्कोट पहले और वेबर दूसरे नंबर पर
Diamond League final 2025: भारत के स्टार एथलीट और ‘गोल्डन बॉय’ नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है। पोलैंड डायमंड लीग से पीछे हटने के बावजूद उन्होंने 2025 डायमंड लीग फाइनल में जगह बना ली है। यह फाइनल 27 और 28 अगस्त को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में खेला जाएगा। उनके साथ जर्मनी के जूलियन वेबर और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वाल्कोट भी खिताबी मुकाबले में पहुंच गए हैं।
पिछली बार मामूली अंतर से चूके थे
पिछले साल नीरज चोपड़ा डायमंड लीग फाइनल में बेहद करीब आकर चूक गए थे। उन्हें ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स से केवल 0.01 मीटर के मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था और उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। हालांकि, नीरज ने इससे पहले 2022 में डायमंड लीग का खिताब अपने नाम किया था।
सिलेसिया में नहीं उतरे मैदान पर
फाइनल से पहले 16 अगस्त को पोलैंड के सिलेसिया में डायमंड लीग प्रतियोगिता होनी थी, जिसमें नीरज का मुकाबला पाकिस्तान के अरशद नदीम से होने वाला था। लेकिन दोनों खिलाड़ियों ने चोट और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए इस प्रतियोगिता से नाम वापस ले लिया था। इसके बावजूद अंक तालिका में नीरज के पास पर्याप्त अंक रहे और उन्होंने फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
नई रैंकिंग में तीसरे स्थान पर

सिलेसिया डायमंड लीग के बाद जारी की गई नई रैंकिंग के अनुसार, त्रिनिदाद के केशोर्न वाल्कोट 17 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। जर्मनी के जूलियन वेबर 15 अंकों के साथ दूसरे और नीरज चोपड़ा भी 15 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। नीरज ने इस सीजन में दो डायमंड लीग मुकाबलों में हिस्सा लिया, जिसमें एक में उन्होंने खिताब जीता जबकि दूसरे में उन्हें उपविजेता बनकर रहना पड़ा।
इस सीजन का शानदार प्रदर्शन
नीरज चोपड़ा का इस सीजन का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 90.23 मीटर फेंका था, हालांकि इस मुकाबले में वे जर्मनी के जूलियन वेबर से पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहे। इसके बाद पेरिस डायमंड लीग में उन्होंने 88.16 मीटर की थ्रो कर शानदार जीत दर्ज की। इससे पहले बेंगलुरु में आयोजित नीरज चोपड़ा क्लासिक में भी उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था।
अगला लक्ष्य विश्व चैंपियनशिप
डायमंड लीग फाइनल के बाद नीरज चोपड़ा का अगला लक्ष्य टोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप होगी। यह प्रतियोगिता 13 से 21 सितंबर तक खेली जाएगी। नीरज पिछली बार के वर्ल्ड चैंपियन हैं और इस बार उनका लक्ष्य अपने खिताब को बचाने का होगा।
नीरज चोपड़ा के प्रदर्शन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वह न केवल भारत के बल्कि दुनिया के टॉप एथलीट्स में शामिल हैं। अब सभी की निगाहें ज्यूरिख में होने वाले फाइनल पर टिकी हैं, जहां उनसे देशवासियों को एक और गोल्डन थ्रो की उम्मीद होगी।
