चमोली: चमोली जिले के भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में मंगलवार से तीन दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। सत्र को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने सोमवार से ही धारा 163 लागू कर दी है, जो 22 अगस्त की शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी। उपजिलाधिकारी/परगना मजिस्ट्रेट सोहन सिंह रांगड़ द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सत्र के दौरान विधानसभा परिसर और आसपास धरना-प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी, बिना अनुमति सभा, लाउडस्पीकर का उपयोग, हथियार लाना, उत्तेजक भाषण देना, पोस्टर-बैनर लगाना और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना प्रतिबंधित रहेगा। आदेश उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई होगी।
विधानसभा मार्ग पर कड़ी निगरानी
विधानसभा सत्र के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सोमवार को चमोली के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विधानसभा भवन परिसर में ब्रीफिंग कर सभी कर्मियों को सख़्त निर्देश दिए। इस बार सुरक्षा में 4 एडिशनल एसपी, 12 सीओ, 25 इंस्पेक्टर और 804 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। विधानसभा मार्ग पर दिवालीखाल, जंगलचट्टी और दुग्तमा में बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा संभावित प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के लिए मालसी और मेहलचौंरी में अस्थायी जेल बनाई गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष व्यवस्था
सत्र के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया गया है। भराड़ीसैंण में 12 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर, जिनमें आर्थोपेडिक, फिजीशियन और सर्जन शामिल हैं, तैनात रहेंगे। साथ ही 8 एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। विधानसभा प्रवेश द्वार पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट और अस्थायी अस्पताल भी स्थापित किया गया है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस का घेराव और धरना प्रदर्शन की तैयारी
विधानसभा सत्र के समानांतर विपक्ष भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दान सिंह नेगी ने जानकारी दी कि 20 अगस्त को नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में एक विशाल रैली होगी। इस दौरान गैरसैंण क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क व्यवस्था की बदहाली तथा स्थायी राजधानी की मांग को लेकर विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
इसी के साथ पूर्व अनशनकारी भुवन कठायत ने भी घोषणा की है कि सत्र के तीनों दिन रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
