Udayprabhat
accidentBreaking Newsuttrakhand

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-अल्टो की भीषण भिड़ंत, तीन की दर्दनाक मौत, दो गंभीर घायल- ROAD ACCIDENT IN HALDWANI

हल्द्वानी: कोतवाली क्षेत्र हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित बेल बाबा मंदिर के पास देर रात हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 1 बजे की है। रुद्रपुर से आ रही अल्टो कार और हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में अल्टो सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोग हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायलों व मृतकों को वाहनों से बाहर निकाला। स्कॉर्पियो सवार हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

नैनीताल जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2023 से जुलाई 2025 तक जिले में 426 सड़क हादसे दर्ज हुए, जिनमें 305 लोगों की मौत हो चुकी है और 424 लोग घायल हुए हैं। तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना और नशे की हालत में गाड़ी चलाना हादसों के मुख्य कारण माने जा रहे हैं।

सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, ताकि अनावश्यक हादसों से बचा जा सके।

Leave a Comment