Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

उत्तराखंड: सेंट्रल पर खड़ी लग्जरी कार में मिला CRPF इंस्पेक्टर का शव, उत्तराखंड के रहने वाले थे, कानपुर में पत्नी से मिलने आए थे

कानपुर:  उत्तराखंड के पिथौरागढ़ निवासी और सीआरपीएफ में तैनात इंस्पेक्टर निर्मल उपाध्याय का शव शुक्रवार शाम कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ गेट के सामने खड़ी एक लग्जरी कार से बरामद हुआ। मृतक वर्तमान में पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) में तैनात थे और पिछले 12 दिन से मेडिकल लीव पर अपनी पत्नी से मिलने कानपुर आए थे। स्टेशन जैसे हाईसिक्योरिटी जोन में दिनदहाड़े शव मिलने से पुलिस और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पत्नी से विवाद के बाद घर से निकले थे इंस्पेक्टर

जानकारी के अनुसार, निर्मल उपाध्याय की शादी साल 2023 में कानपुर साउथ के साकेत नगर निवासी राशि से हुई थी। वे छुट्टी लेकर पत्नी से मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। निर्मल ने शराब पी रखी थी, विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट तक की नौबत आ गई। इसके बाद पत्नी राशि ने 112 नंबर पर पुलिस को कॉल कर दी थी।

घटना के अगले ही दिन शुक्रवार सुबह निर्मल मकान मालिक संजय के साथ घर से निकले। संजय ने अपनी गाड़ी स्टेशन कैंट साइड पार्किंग में खड़ी कर दी और लौटकर घर चले गए। उन्होंने बताया कि निर्मल ने उनसे कहा था कि वह पुलवामा लौटने की तैयारी कर रहे हैं।

कई घंटे कार में पड़ी रही लाश, किसी को खबर नहीं

कानपुर सेंट्रल जैसे व्यस्त स्टेशन पर कार सुबह से खड़ी थी, लेकिन जीआरपी और आरपीएफ को इसकी भनक तक नहीं लगी। शाम के समय जब पार्किंग कर्मचारी ने गाड़ी की ओर ध्यान दिया तो अंदर झांककर देखा। सीट पर सीट बेल्ट लगाए निर्मल उपाध्याय एक ओर सिर झुकाए पड़े थे और उनकी मौत हो चुकी थी। तुरंत इसकी सूचना जीआरपी को दी गई।

सूचना मिलते ही जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह और आरपीएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जीआरपी एसीपी दुष्यंत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

हाईसिक्योरिटी जोन में लापरवाही पर उठे सवाल

रेलवे स्टेशन का आरपीएफ गेट और उसके सामने खड़ी कार, जिसमें घंटों तक शव पड़ा रहा, यह तथ्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सेंट्रल स्टेशन जहां 24 घंटे जीआरपी-आरपीएफ तैनात रहती है, वहां इतनी देर तक शव का पता न चलना बड़ी चूक मानी जा रही है।

निर्मल उपाध्याय के निधन की खबर से उनके पैतृक जिले पिथौरागढ़ में शोक की लहर है। परिवारजन का कहना है कि निर्मल बेहद मिलनसार और ईमानदार अफसर थे। शादी को अभी डेढ़ साल भी पूरा नहीं हुआ था। पुलिस फिलहाल पत्नी और मकान मालिक से पूछताछ कर रही है।

जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि तहरीर मिलने या पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।

Leave a Comment