Rajasthan Royals head coach:
आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) फ्रैंचाइज़ी को लगातार झटके लग रहे हैं। पहले टीम के कप्तान संजू सैमसन के टीम छोड़ने की खबरें आईं और अब मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने पद से इस्तीफा दे दिया है। द्रविड़ ने न सिर्फ मुख्य कोच की भूमिका छोड़ दी है, बल्कि टीम में किसी भी व्यापक भूमिका को निभाने से भी इंकार कर दिया है।
2025 आईपीएल सीज़न राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहद खराब साबित हुआ। टीम 14 में से सिर्फ 4 मैच ही जीत पाई और अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। नेट रन रेट के आधार पर राजस्थान केवल चेन्नई सुपर किंग्स से आगे निकल सका। इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फ्रैंचाइज़ी प्रबंधन ने टीम स्ट्रक्चर की समीक्षा की और द्रविड़ को एक व्यापक भूमिका की पेशकश की, लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया।

राजस्थान रॉयल्स ने आधिकारिक बयान में कहा, “राहुल कई वर्षों से रॉयल्स की यात्रा के केंद्र में रहे हैं। उनके नेतृत्व ने खिलाड़ियों की एक पीढ़ी को प्रभावित किया है, टीम के भीतर मजबूत मूल्यों का निर्माण किया है और फ्रैंचाइज़ी की संस्कृति पर एक अमिट छाप छोड़ी है। राजस्थान रॉयल्स, उसके खिलाड़ी और दुनिया भर के लाखों प्रशंसक, फ्रैंचाइज़ी के प्रति राहुल की उल्लेखनीय सेवा के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।
IPL इतिहास में राहुल द्रविड़ और राजस्थान का रिश्ता

राहुल द्रविड़ का राजस्थान रॉयल्स के साथ रिश्ता काफी पुराना रहा है। वह 2012 और 2013 में टीम के कप्तान रहे। इसके बाद 2014 और 2015 में उन्होंने मेंटर की भूमिका निभाई। 2025 में वह एक बार फिर मुख्य कोच के रूप में राजस्थान लौटे। लेकिन टीम के खराब प्रदर्शन और आईपीएल 2025 के दौरान मतभेदों की अफवाहों ने अंततः उनके और फ्रैंचाइज़ी के रास्ते अलग कर दिए।
दूसरे कोच बने जिन्होंने छोड़ा पद
गौरतलब है कि द्रविड़, आईपीएल 2026 की मेगा नीलामी से पहले पद छोड़ने वाले दूसरे बड़े कोच हैं। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने चंद्रकांत पंडित से नाता तोड़ लिया था। पंडित ने ही 2024 में KKR को खिताब दिलाया था। लगातार कोच बदलने के इस दौर ने आईपीएल 2026 से पहले की अनिश्चितता और बढ़ा दी है।
राहुल द्रविड़ के इस्तीफे से राजस्थान रॉयल्स की रणनीति और टीम बिल्डिंग पर बड़ा असर पड़ेगा। 2026 की मेगा नीलामी से पहले फ्रैंचाइज़ी को अब नए कोच की तलाश करनी होगी, जो टीम को रीबिल्ड कर सके। वहीं, कप्तान संजू सैमसन के भविष्य पर भी सवाल बने हुए हैं।
राजस्थान रॉयल्स के लिए अगले कुछ महीने बेहद अहम साबित होंगे। एक तरफ टीम को नए कोच की नियुक्ति करनी है, तो दूसरी तरफ मेगा नीलामी की तैयारी करनी होगी। देखना दिलचस्प होगा कि द्रविड़ के इस्तीफे के बाद कौन सा दिग्गज इस जिम्मेदारी को संभालता है और क्या राजस्थान एक बार फिर आईपीएल में अपनी खोई हुई साख वापस पा पाएगा।
