Udayprabhat
uttrakhand

रुड़की में कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार

रुड़की: रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। कैंटीन बंद कर घर लौट रहे शराब कैंटीन संचालक अमन को बाइक सवार दो बदमाशों ने बीच रास्ते में रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल अमन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, ढंडेरा निवासी अमन शराब की कैंटीन संचालित करते थे। शुक्रवार देर रात वह कैंटीन बंद करने के बाद घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश में आसपास के क्षेत्र में छानबीन की जा रही है।

वहीं, घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आक्रोशित लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस का कहना है कि वारदात के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।

Leave a Comment