Udayprabhat
Breaking Newsदेशराजनीति

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा, बिहार में कांग्रेस की नई पारी का एलान

राहुल की सड़क से संसद तक की रणनीति, कांग्रेस को मिला नया हौसला
बिहार में दिखा राहुल का असर, कांग्रेस बनी ‘टॉक ऑफ द टाउन

पटना: बिहार की राजनीति में बीते 16 दिनों से सबसे चर्चित शब्द था – वोटर अधिकार यात्रा और इसके केंद्र में थे राहुल गांधी। 17 अगस्त से 1 सितंबर तक चली इस यात्रा ने न सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नया जोश दिया बल्कि पार्टी को लंबे समय बाद जमीन पर सक्रिय होते हुए दिखाया। यात्रा की समाप्ति पटना में हुई, लेकिन इसका राजनीतिक असर आने वाले महीनों तक महसूस किया जा सकता है।

राहुल गांधी की यह पहल कांग्रेस के लिए कई मायनों में अहम रही। पहला, कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा हुआ। लंबे समय से पार्टी के कैडर बिखरे और निराश थे। पार्टी के कमजोर प्रदर्शन और शीर्ष नेतृत्व की उपेक्षा ने उन्हें निष्क्रिय बना दिया था। मगर इस यात्रा ने पुराने कार्यकर्ताओं को दोबारा जोड़ने का मौका दिया। कांग्रेस समर्थकों में एक ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला।

दूसरा, कांग्रेस एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आई। राहुल गांधी की मौजूदगी और उनके भाषणों ने कांग्रेस को ‘टॉक ऑफ द टाउन’ बना दिया। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा का विषय रहा कि कांग्रेस अब सिर्फ गठबंधन की सहायक पार्टी नहीं बल्कि अपने पैरों पर खड़ी होने की कोशिश कर रही है।

तीसरा, यह यात्रा कांग्रेस के लिए सार्वजनिक स्मृति (Public Memory) में वापसी की तरह रही। कई वर्षों से कांग्रेस बिहार की राजनीति में हाशिए पर थी, लेकिन इस अभियान ने जनता को यह संदेश दिया कि पार्टी अब सक्रिय है और अपने हक की लड़ाई लड़ने को तैयार है।

दैनिक जागरण से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार अरविंद शर्मा कहते हैं कि कांग्रेस के पास पुराने कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज है, जो अब तक उपेक्षा और निराशा के चलते भटक गए थे। राहुल गांधी ने इस यात्रा के जरिए उन्हें पार्टी की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कांग्रेस को लालू यादव के कंधों पर टिकी पार्टी से उतारकर एक स्वतंत्र विकल्प के रूप में पेश करने की कोशिश की है।

बिहार की सियासत में कांग्रेस के लिए यह यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि संगठनात्मक पुनर्जीवन का संकेत भी है। अब देखना होगा कि यह ऊर्जा आने वाले चुनावों में वोट में तब्दील हो पाती है या नहीं।

 

Leave a Comment