Udayprabhat
uttrakhand

गदेरे के उफान में बहा वन दरोगा, साथी की बची जान, रेस्क्यू अभियान जारी- VAN DAROGA FLOWED INTO DRAIN

हल्द्वानी: कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश जनजीवन पर भारी पड़ रही है। नदियों और गदेरों के उफान ने कई इलाकों में संकट खड़ा कर दिया है। बुधवार देर शाम नैनीताल जिले के गरमपानी क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई, जहां डोलकोट गदेरे के तेज बहाव में बाइक सवार वन दरोगा बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

तेज बहाव में समाया वन दरोगा

जानकारी के अनुसार, सिमलखा निवासी वन दरोगा देवेंद्र सिंह बिष्ट बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपने साथी के साथ बाइक से खैरना-बेतालघाट स्टेट हाईवे होते हुए घर लौट रहे थे। डोलकोट गदेरा पार करते समय अचानक पानी का तेज बहाव आया और वह बाइक समेत बह गए। उनके साथ मौजूद साथी किसी तरह बच निकला और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।

अंधेरे में चला रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना पर प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन अंधेरा और गदेरे का तेज बहाव रेस्क्यू अभियान के लिए बड़ी चुनौती बन गया। देर रात तक खोजबीन की गई, मगर वन दरोगा का कोई सुराग नहीं लग पाया। ग्रामीण भी मौके पर डटे रहे और लगातार टीम की मदद करते रहे।

सुबह से फिर शुरू हुई तलाश

गुरुवार सुबह होते ही एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारी दोबारा रेस्क्यू अभियान में जुट गए। गदेरे के बहाव को नियंत्रित करने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई और पानी का रुख बदला गया। उम्मीद की जा रही है कि बहाव कम होने पर तलाश अभियान में तेजी लाई जाएगी।स्थानीयों में दहशत

लगातार हो रही बारिश और नालों-गदेरों के उफान ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लोग दहशत में हैं और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। घटना ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षित आवागमन और बरसात के मौसम में बेहतर व्यवस्थाओं की कमी को उजागर कर दिया है।

 

Leave a Comment