मुंबई: बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की मोस्ट अवेटेड फिल्म बागी 4 आज यानी 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में उनके साथ संजय दत्त, हरनाज संधू कौर और सोनम बाजवा जैसे सितारे भी नज़र आए हैं। मारकाट, खून-खराबे और हाई-ऑक्टेन स्टंट्स से भरपूर इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने ए सर्टिफिकेट के साथ पास किया है। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फैंस के बीच इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार था, जो अब खत्म हो चुका है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने एडवांस बुकिंग में ही अच्छी-खासी कमाई कर ली थी। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, बागी 4 ने 9892 शोज़ में 2.23 लाख टिकट बेचकर 5.54 करोड़ रुपये का कारोबार किया, वहीं ब्लैक सीट्स को जोड़कर यह कलेक्शन 8.47 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। केवल महाराष्ट्र में ही फिल्म ने 1.52 करोड़, दिल्ली में 1.33 करोड़, गुजरात में 78.3 लाख रुपये और राजस्थान में 63 लाख रुपये की कमाई की। ट्रेड एनालिस्ट का मानना है कि पहले दिन फिल्म 12 से 13 करोड़ रुपये की ओपनिंग कर सकती है। अगर ऐसा हुआ तो यह अपनी पहली किस्त बागी (2016) की ओपनिंग (11.94 करोड़ रुपये) का रिकॉर्ड तोड़ देगी।

दर्शकों की राय भी फिल्म के पक्ष में जाती दिख रही है। एक दर्शक ने लिखा, “इंटरवल तक फिल्म शानदार है, टाइगर श्रॉफ का इंट्रो रोंगटे खड़े करने वाला है और एक्शन सीन्स धमाकेदार हैं।” वहीं दूसरे ने कहा, “बागी 4 केवल एक्शन नहीं बल्कि एक खूबसूरत लव स्टोरी भी है और इसका सबूत फिल्म का गाना ‘मरजाना’ देता है।”
ट्विटर और सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर जमकर चर्चा हो रही है। कुछ दर्शकों ने सोनम बाजवा और हरनाज संधू की परफॉर्मेंस की तारीफ की, तो वहीं कई लोग मानते हैं कि टाइगर ने एक बार फिर खुद को एक्शन स्टार साबित किया है।
हालांकि, एक वर्ग का मानना है कि टाइगर को बार-बार एक्शन फिल्मों में कास्ट करना उनकी इमेज को सीमित कर रहा है। फिर भी, ‘बागी 4’ की एडवांस बुकिंग और शुरुआती प्रतिक्रिया यह साबित करती है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत करने जा रही है।

फिल्म का क्लैश विवेक अग्निहोत्री की द बंगाल फाइल्स से हुआ है, लेकिन शुरुआती रुझानों के मुताबिक बागी 4 ने उसे पछाड़ दिया है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म कितनी रफ्तार पकड़ती है और क्या यह अपनी पिछली तीनों किश्तों का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी।
