Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

27 साल बाद इंग्लैंड की धरती पर दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज जीतकर किया कमाल, 5 रन से जीता दूसरा वनडे- ENGLAND VS SOUTH AFRICA 2ND ODI

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में मेहमान अफ्रीकी टीम ने रोमांचक अंदाज़ में इंग्लैंड को 5 रनों से हराया और सीरीज पर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। यह जीत न सिर्फ सीरीज अपने नाम करने की वजह से खास रही, बल्कि इसके साथ दक्षिण अफ्रीका ने 27 साल बाद इंग्लैंड में वनडे सीरीज जीतने का गौरव भी हासिल किया।

दक्षिण अफ्रीका का ऐतिहासिक पल

दक्षिण अफ्रीका ने पिछली बार इंग्लैंड की धरती पर एकदिवसीय सीरीज 1998 में जीती थी। उसके बाद से अब तक इंग्लैंड अपने घर में अफ्रीकी टीम के खिलाफ सीरीज हारने से बचता रहा था। टेम्बा बावुमा की कप्तानी में आई यह जीत टीम के आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों पर ले गई है। खास बात यह है कि इंग्लैंड ने पिछली बार 2017 में दक्षिण अफ्रीका को द्विपक्षीय वनडे सीरीज में मात दी थी।

इंग्लैंड के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम चार वनडे मैच

125 गेंदें शेष रहते हार (कराची 2025) – विजेता: दक्षिण अफ्रीका

175 गेंदें शेष रहते हार (लीडर्स 2025) – विजेता: दक्षिण अफ्रीका

5 रनों से हार (लॉर्ड्स 2025) – विजेता: दक्षिण अफ्रीका

मैच का रोमांच

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 330 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए मैथ्यू ब्रीट्जके ने शानदार 85 रनों की पारी खेली जबकि युवा बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने 58 रन बनाकर योगदान दिया। डेविड मिलर ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी से टीम का स्कोर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

जवाब में इंग्लैंड की टीम ने भी दमदार प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बाद जो रूट और कप्तान जोस बटलर ने पारी संभाली और क्रमशः 61-61 रनों की पारियां खेलीं। आखिरी ओवरों में मैच बेहद रोमांचक हो गया, लेकिन इंग्लैंड की टीम 50 ओवर पूरे खेलने के बावजूद 9 विकेट खोकर केवल 325 रन ही बना सकी और 5 रनों से जीत से चूक गई।

दक्षिण अफ्रीका की जीत में गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 10 ओवरों में किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट हासिल किए लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी।

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पीछे छोड़ रचा इतिहास: 

इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। यहां किसी विदेशी टीम द्वारा वनडे में सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड पहले भारत के नाम था। 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 326 रन बनाए थे। लेकिन अब दक्षिण अफ्रीका ने 330 रन बनाकर भारत को पीछे छोड़ दिया और लॉर्ड्स पर विदेशी टीम का सर्वाधिक स्कोर बनाने का कीर्तिमान रच दिया।

अब जबकि तीन मैचों की सीरीज दक्षिण अफ्रीका पहले ही 2-0 से जीत चुका है, तीसरा और आखिरी वनडे महज़ औपचारिकता रह गया है। हालांकि इंग्लैंड की टीम अपने घरेलू दर्शकों के सामने आखिरी मुकाबला जीतकर सीरीज को 2-1 करने की पूरी कोशिश करेगी। वहीं दक्षिण अफ्रीका का लक्ष्य इंग्लैंड को क्लीन स्वीप कर सीरीज का अंत शानदार अंदाज़ में करने का होगा।

लॉर्ड्स में वनडे में विदेशी टीम द्वारा सबसे बड़ा स्कोर

  • 330 रन – दक्षिण अफ्रीका – 2025
  • 326 रन – भारत – 2002
  • 309 रन – ऑस्ट्रेलिया – 2015
  • 308 रन – पाकिस्तान – 2019

Leave a Comment