Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: 32 साल के युवा DM प्रतीक जैन बने संकटमोचक, रुद्रप्रयाग में आपदा राहत कार्यों की संभाली कमान

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में 28 अगस्त की रात आई भीषण आपदा ने हालात गंभीर बना दिए हैं। बसुकेदार क्षेत्र के छेनागाड़ इलाके में आए भूस्खलन और भारी बारिश ने सड़कें तोड़ डालीं, संचार व्यवस्था ठप कर दी और 9 लोग अब भी लापता हैं। ऐसे कठिन हालात में सिर्फ 32 साल के युवा जिलाधिकारी प्रतीक जैन ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्यों की कमान संभाले हुए हैं।

प्रतीक जैन न केवल हवाई सर्वेक्षण तक सीमित हैं, बल्कि कई किलोमीटर पैदल चलकर प्रभावित गांवों तक पहुंच रहे हैं। वह स्वयं SDRF, NDRF और DDRF की टीमों के बीच जाकर उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं। उनका कहना है कि “मार्ग अवरुद्ध और बोल्डरों से भरे हुए हैं, लेकिन प्रशासन का लक्ष्य है कि अगले 2-3 दिनों में सड़क बहाल हो और भारी मशीनें राहत स्थल तक पहुंच जाएं।”

जिलाधिकारी ने PWD को निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण कार्य में किसी तरह की देरी न हो। उन्होंने साफ कहा कि अगर ज़रूरत पड़ी तो बोल्डरों को हटाने के लिए विस्फोटकों का सहारा भी लिया जाएगा। वहीं, ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे क्षेत्र की स्थिति का आकलन किया जा रहा है और हेलीकॉप्टर से आवश्यक राहत सामग्री प्रभावित गांवों तक पहुंचाई जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस राहत कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने विशेष पुनर्निर्माण पैकेज का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इधर, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड आ रहे हैं। वे आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे और उम्मीद है कि राज्य को बड़ी राहत राशि देने का ऐलान कर सकते हैं।

युवा जिलाधिकारी प्रतीक जैन की सक्रियता और ज़मीनी स्तर पर नेतृत्व को देखकर ग्रामीणों को उम्मीद की नई किरण मिली है। प्रशासन की टीमें दिन-रात राहत व बचाव कार्यों में लगी हैं। कठिन पहाड़ी परिस्थितियों और लगातार बारिश के बावजूद 32 साल का यह युवा DM हर पल मैदान में डटे रहकर साबित कर रहा है कि संकट की घड़ी में नेतृत्व उम्र का मोहताज नहीं होता।

Leave a Comment