Udayprabhat
Entertainmentदुनियादेश

अक्षय कुमार ने कानपुर में ‘जॉली एलएलबी 3’ ट्रेलर लॉन्चिंग में किया धमाल, फैंस को दिया दिल छू लेने वाला संदेश

कानपुर/ उत्तर प्रदेश: बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार, अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला ‘जॉली एलएलबी 3’ के ट्रेलर लॉन्च के लिए बुधवार को कानपुर के रेव-3 मॉल पहुंचे। अक्षय ने अपनी खास अंदाज में, आंखों में चश्मा और गले में गमछा पहनकर स्टेज पर कदम रखा और हाथ हिला कर फैंस का अभिवादन स्वीकार किया। फैंस की चीयरिंग सुनते ही अक्षय ने हंसते हुए कहा, “मुझे थोड़ा वक्त दीजिए, मैं आप लोगों के पास ही आ रहा हूं।”

इस खास मौके पर कानपुर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने सुबह ही मॉल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी तरह की चूक न हो। अक्षय ने पुलिस की तारीफ करते हुए कहा, “मैं कानपुर पुलिस का दिल से शुक्रगुजार हूं, आपकी वजह से ट्रेलर लॉन्चिंग इतनी सुचारू और सफल हुई।”

फैंस के सवालों का जवाब देते हुए अक्षय ने मुस्कुराते हुए कहा, “आए हैं हम यहां तो उम्मीद तो हमेशा अच्छी ही होगी।” मीडिया ने उनसे गुटखा के बारे में सवाल पूछा तो अक्षय ने मजाकिया अंदाज में कहा, “गुटखा नहीं खाना चाहिए, मैं यही बोलूंगा। स्वास्थ्य ही असली धन है।”

‘जॉली एलएलबी 3’ 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में अक्षय कुमार ‘जॉली मिश्रा’ की भूमिका में नजर आएंगे, वहीं अरशद वारसी मेरठ के ‘जॉली त्यागी’ के रूप में वापसी करेंगे। सौरभ शुक्ला जज की भूमिका में रोमांच बढ़ाएंगे। फिल्म में हुमा कुरैशी, अमृता राव और अन्नू कपूर भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। सुभाष कपूर द्वारा निर्देशित यह फिल्म पहले के जॉली एलएलबी सीक्वल्स की तरह हंसी और ड्रामा का तड़का देने के लिए तैयार है।

फिल्म की रिलीज से पहले कानपुर में हुए इस धूमधाम वाले ट्रेलर लॉन्च ने दर्शकों और फैंस के बीच उत्साह का माहौल बना दिया है। अक्षय की मस्ती, फैंस का जोश और पुलिस की तगड़ी सुरक्षा ने इसे यादगार बनाने में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Comment