Udayprabhat
uttrakhand

छात्र संघ चुनाव की तारीख का ऐलान, एसएसजे यूनिवर्सिटी अल्मोड़ा छात्र संघ चुनाव 27 सितंबर को, तैयारी में जुटे छात्र नेता

अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (SSJ University) अल्मोड़ा में छात्र संघ चुनाव 27 सितंबर को आयोजित होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव से पहले 24 सितंबर को वार्षिकोत्सव कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूरे परिसर में छात्र संघ चुनाव एक साथ कराने की घोषणा की गई। निदेशक प्रो. प्रवीण बिष्ट ने बताया कि 25 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया होगी और उसी दिन नामांकन पत्रों की जांच भी की जाएगी। 26 सितंबर को एक आम सभा आयोजित होगी, जिसमें सभी प्रत्याशी छात्र समुदाय के सामने अपने विचार और योजनाएं साझा करेंगे।

27 सितंबर को मतदान सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और विजयी प्रत्याशियों को घोषित कर उनकी शपथ दिलाई जाएगी। निदेशक ने बताया कि चुनाव पूरी तरह से लिंगदोह कमेटी और विश्वविद्यालय की नियमावली के अनुसार संपन्न होंगे।

छात्र संघ चुनाव की तारीख की घोषणा के बाद छात्र नेताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। पिछले साल चुनाव न होने के कारण छात्रों में नाराजगी थी, लेकिन अब छात्र अपनी जीत के लिए रणनीति बनाने और प्रचार में जुट गए हैं। कई छात्रों ने पोस्टर और बैनर से प्रचार शुरू कर दिया है और परिसर में अन्य छात्रों से संपर्क कर समर्थन जुटा रहे हैं।

Leave a Comment