देहरादून: भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में बुधवार शाम प्रशिक्षण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। तैराकी सत्र के दौरान कैडेट बालू एस (33 वर्ष), निवासी त्रिवेंद्रम (केरल) की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही कैडेट को तत्काल मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी कैंट कोतवाली पुलिस को दी गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद आईएमए अफसर शव अपने साथ ले गए।
कैंट कोतवाली पुलिस के अनुसार, बालू एस का चयन आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC) के माध्यम से स्पेशल कमीशंड ऑफिसर के तौर पर हुआ था। ACC से चयनित कैडेट पहले तीन साल की ग्रेजुएशन के साथ प्रारंभिक प्रशिक्षण पूरा करते हैं और उसके बाद चौथे साल में आईएमए में कड़े सैन्य प्रशिक्षण से गुजरते हैं। वर्तमान में बैच का तैराकी प्रशिक्षण चल रहा था। इसी दौरान बुधवार शाम स्विमिंग पूल में डूबने से उनकी मौत हो गई।
सेना के अधिकारियों ने कहा है कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना के पीछे लापरवाही थी या अन्य कोई कारण। पुलिस ने भी मामले में आवश्यक जानकारी दर्ज कर ली है। कैडेट के परिजनों को सूचना दे दी गई थी और वे देहरादून पहुंचकर शव अपने साथ ले गए।
गौरतलब है कि आईएमए में प्रशिक्षण के दौरान पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। अगस्त 2017 में 10 किलोमीटर दौड़ के दौरान दो कैडेट्स की मौत हो गई थी। वहीं 2019 में एक कैडेट नेविगेशन प्रशिक्षण के दौरान खाई में गिरने से गंभीर रूप से घायल हुआ था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
