पीड़ितों को दिलाया मदद का भरोसा.
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून के केसरवाला और मालदेवता क्षेत्र में आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद व राहत प्रदान करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। साथ ही जिन मार्गों पर भूस्खलन की संभावना बनी हुई है, वहां पर्यटकों की आवाजाही को तुरंत रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और सरकार हर जरूरतमंद तक त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने संबंधित विभागों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और किसी को भी असहाय महसूस नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन को राहत शिविरों में पर्याप्त व्यवस्था करने, भोजन, पानी और दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित लोगों को हर संभव सहयोग और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए संकल्पबद्ध है।
