अतिवृष्टि से देहरादून में 13 की मौत, 16 लापता, 3 घायल
प्रभावित परिवारों को मिलेगा 4-4 हजार प्रतिमाह किराया सहायता
कार्लीगाड व मजयाडी से रेस्क्यू टीम ने 70 लोगों को निकाला सुरक्षित
सड़क, बिजली-पानी बहाली और राहत सामग्री वितरण के निर्देश
देहरादून: अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मालदेवता, सहस्रधारा, मजयाडी और कार्लीगाड में आपदा पीड़ितों से मुलाकात कर प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। डीएम ने बताया कि सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने वाले परिवारों को प्रति माह चार हजार रुपये किराया सहायता दी जाएगी।
उन्होंने विभागों को आपदा प्रभावित इलाकों में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता पर बहाल करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने रेस्क्यू टीम के साथ कार्लीकागाड और मजयाडी से 70 लोगों को सुरक्षित निकाला। अब तक जिले में 13 लोगों की मौत, तीन घायल और 16 लोग लापता बताए गए हैं। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह और सीडीओ अभिनव शाह भी मौजूद रहे। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं।

सोमवार रात हुई अतिवृष्टि से जिले के कई क्षेत्रों में भारी तबाही हुई। जनहानि, पशुहानि, सरकारी व निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। सड़कें, संपर्क मार्ग, पुल और पुलिया क्षतिग्रस्त होने से जनजीवन प्रभावित हुआ। आपदा में अब तक 13 लोगों की मौत, 3 घायल और 16 लापता होने की पुष्टि हुई है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सहस्रधारा, मजयाडा और कार्लीगाड में पैदल भ्रमण कर क्षति का निरीक्षण किया। मजयाडा में तीन लोग मलबे में दबे और एक लापता बताया गया। सहस्रधारा-कार्लीगाड मोटर मार्ग नौ से अधिक स्थानों पर ध्वस्त हो गया है। डीएम ने राहत शिविर में प्रभावितों से मिलकर तीन माह तक 4-4 हजार रुपये किराया सहायता देने की घोषणा की। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की मदद से कार्लीगाड में फंसे 70 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। जिला आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार अब तक 13 पुल, 10 पुलिया और दर्जनों परिसंपत्तियां नष्ट हुई हैं।
