डबलिन: इंग्लैंड ने आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज़ शानदार जीत से किया। बुधवार को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने मेज़बान टीम को 4 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस जीत के हीरो रहे फिल साल्ट, जिन्होंने आतिशी पारी खेलते हुए 46 गेंदों पर 89 रन बनाए और टीम को मुश्किल लक्ष्य तक पहुंचाया।
मैच में इंग्लैंड के कप्तान जैकब बेथेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। आयरलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। टीम की ओर से हैरी टेक्टर ने 61, लोर्कन टकर ने 55 और कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने 34 रन जोड़े। इंग्लैंड की ओर से जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन और आदिल राशिद को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही। फिल साल्ट ने ताबड़तोड़ चौके-छक्के जड़ते हुए टीम का स्कोर तेज़ी से बढ़ाया। उनके अलावा कप्तान जोस बटलर ने 28, सैम कुरेन ने 27 और जैकब बेथेल ने 24 रन बनाए। इंग्लैंड ने 17.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 197 रन बनाते हुए जीत हासिल की।
साल्ट को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ ही कप्तान जैकब बेथेल ने एक नया इतिहास रच दिया। वे इंग्लैंड को अंतरराष्ट्रीय टी20 में जीत दिलाने वाले सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए हैं। उन्होंने एलिस्टर कुक का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। अब इंग्लैंड 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है और दूसरा मुकाबला निर्णायक साबित हो सकता है।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सबसे युवा टी20 कप्तान
- 21 साल और 329 दिन – जैकब बेथेल बनाम आयरलैंड, डबलिन, 17 सितंबर 2025
- 24 साल और 325 दिन – एलिस्टर कुक बनाम दक्षिण अफ्रीका, सेंचुरियन, 15 नवंबर 2009
- 25 साल और एक दिन – स्टुअर्ट ब्रॉड बनाम श्रीलंका, ब्रिस्टल, 25 जून 2011
- 25 साल और 80 दिन – जोस बटलर बनाम पाकिस्तान, दुबई, 27 नवंबर 2015
