हल्द्वानी: प्रसिद्ध यू-ट्यूबर सौरभ जोशी को जीमेल के माध्यम से धमकी भरा मेल मिला है। मेल में भाऊ गैंग के नाम से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और रुपए नहीं देने पर उन्हें गोली मारने की चेतावनी दी गई। यू-ट्यूबर और उनका परिवार इस धमकी से दहशत में हैं। सौरभ की जल्द ही शादी होने वाली है, इसलिए उन्होंने पुलिस से कड़ी सुरक्षा की मांग की है।
हल्द्वानी रामपुर रोड के ओलिविया कालोनी निवासी सौरभ जोशी ने शनिवार को कोतवाली पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने सौरभ की शिकायत पर भाऊ गैंग के सदस्यों के खिलाफ रंगदारी, जान से मारने की धमकी और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सौरभ की सुरक्षा के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाऊ गैंग पहले भी अपराधों में शामिल रहा है। दिल्ली के बदमाश हिमांशु भाऊ की गैंग ने अगस्त में यू-ट्यूबर एल्विश यादव के घर फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी।
यह पहला मामला नहीं है जब सौरभ को धमकी मिली हो। लगभग 10 महीने पहले उन्हें लारेंस बिश्नोई गैंग के नाम से भी धमकी मिली थी। उस समय उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी अरुण ने करोड़पति बनने की लालच में आपराधिक कदम उठाया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था और साबित हुआ कि उसका गैंग से कोई संबंध नहीं था।
इस बार की धमकी सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से आई है, जिससे यू-ट्यूबर और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
