Udayprabhat
uttrakhandएंटरटेनमेंट

UKSSSC पेपर लीक..युवाओं का फूटा गुस्सा, सड़कें जाम, सचिवालय तक कूच, सीबीआई जांच की करी मांग

देहरादून:  उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने का मामला अब राजनीतिक और सामाजिक हलचल का रूप ले चुका है। रविवार को आयोजित परीक्षा में पेपर बाहर आने की खबर से प्रदेश भर के सैकड़ों युवा सड़क पर उतर आए और सचिवालय की ओर कूच किया।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने आरोप लगाया कि परीक्षा शुरू होने के सिर्फ आधे घंटे बाद 11:35 बजे पेपर का एक सेट लीक हो गया। संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से कहा कि पेपर हरिद्वार के एक परीक्षा केंद्र से बाहर आया और इससे परीक्षा की गोपनीयता पूरी तरह भंग हो गई। युवाओं ने बताया कि लीक हुए प्रश्न पत्र और अभ्यर्थियों को मिले प्रश्न पत्रों का मिलान किया गया तो कई समानताएँ सामने आईं।

गुस्साए युवाओं ने पूरे प्रदेश में सड़कें जाम कर दीं। राम कंडवाल ने कहा कि बेरोजगार संघ ने मुख्यमंत्री और यूकेएसएसएससी अध्यक्ष से मिलकर परीक्षा स्थगित करने की मांग की थी, लेकिन उनकी बातों को अनदेखा किया गया। इससे युवाओं में नाराजगी और बढ़ गई और उन्होंने परेड मैदान से सचिवालय की ओर आंदोलन शुरू किया।

बेरोजगार संघ ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि केवल कुछ केंद्रों से नहीं, पूरे प्रदेश में परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज होगा।

राजनीतिक पृष्ठभूमि भी गर्म होती दिखाई दे रही है। विपक्षी दल और युवाओं के संगठन सरकार पर दबाव बना रहे हैं कि वे यूकेएसएसएससी परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ी और नकल माफियाओं की जांच को प्राथमिकता दें। इस बीच सोशल मीडिया पर भी युवा लगातार सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पेपर बाहर कैसे आया और क्या इसमें किसी बड़े भ्रष्ट तंत्र की संलिप्तता है।

प्रदेश भर के बेरोजगार युवा अब सचिवालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ भ्रष्टाचार का मामला नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के भविष्य और सरकारी भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता का सवाल है।

Leave a Comment