Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

IND vs WI: वेस्टइंडीज सीरीज के लिए टीम इंड‍िया का ऐलान, देवदत्त पडिक्कल वापसी, करुण नायर बाहर, जडेजा बने के उपकप्तान

IND vs WI Squad Announcement: भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। शुभमन गिल की कप्तानी में यह टीम 2 अक्टूबर से शुरू होने वाली सीरीज के लिए तैयार होगी। रवींद्र जडेजा को उपकप्तान चुना गया है, जबकि ऋषभ पंत अभी पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं। उनके स्थान पर ध्रुव जुरेल और एन जगदीसन विकेटकीपिंग संभालेंगे। टीम में जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है, जिन्हें कई विशेषज्ञों ने आराम देने का सुझाव दिया था, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल किया।

इस टीम में करुण नायर और अभिमन्यु ईस्वरन को मौका नहीं मिला। करुण नायर को इंग्लैंड में आठ साल बाद टेस्ट में खेलने का मौका मिला था, लेकिन उनका प्रदर्शन टीम की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने कहा, “हम करुण नायर से अधिक की उम्मीद करते हैं। सिर्फ एक अच्छी पारी काफी नहीं होती। पडिक्कल बेहतर कर सकते हैं। हम सभी खिलाड़ियों को 15-20 मौके देना चाहेंगे, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में यह संभव नहीं है।” वहीं, देवदत्त पडिक्कल और नितीश रेड्डी ने टीम में वापसी की है और यह टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है।

वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के पहले मैच का आयोजन 2 से 6 अक्टूबर के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होगा। दूसरा टेस्ट 10 से 14 अक्टूबर दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे।

भारत टीम अभी एशिया कप 2025 में खेल रही है, जहां शुभमन गिल उपकप्तान हैं। भारत ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। एशिया कप के बाद खिलाड़ी भारत लौटेंगे और 2 अक्टूबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए पूरी तैयारी करेंगे।

टीम इंडिया के स्क्वाड में कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान रवींद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुन्दर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, एन जगदीसन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव शामिल हैं। इस टीम के चयन में युवा खिलाड़ियों को मौका देने के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल कर संतुलन बनाने पर जोर दिया गया है।

Leave a Comment