DM सविन बंसल धरने पर पहुंचे, छात्र बोले – ‘अच्छे दिन कहां हैं?’ परीक्षा रद्द और CBI जांच की मांग जारी
देहरादून: UKSSSC के हालिया पेपर लीक प्रकरण के विरोध में धरने पर बैठे युवाओं के बीच जिलाधिकारी सविन बंसल धरनास्थल पर पहुंचे। युवाओं को समझाते हुए डीएम ने कहा कि “जब आपको अवसर मिल रहा है, अच्छे दिन आ रहे हैं।”
इस पर छात्रों ने एक स्वर में कहा, “कहाँ मिल रहे हैं अच्छे दिन? कहाँ हैं अच्छे दिन?”। डीएम ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन युवा परीक्षा रद्द करने और CBI जांच की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएम को एसएसपी के साथ लौटना पड़ा। युवाओं का कहना था कि परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक से उनके भविष्य के अवसर खतरे में हैं। धरने पर बैठे छात्र निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस घटना ने प्रशासन और छात्रों के बीच बहस को और तेज कर दिया है। सोशल मीडिया पर भी छात्रों की आवाज़ तेज़ हो रही है और मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ है।
