देहरादून: उत्तराखंड में UKSSSC परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण को लेकर जारी धरना प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। सीएम ने कहा कि इस आंदोलन में राजनीतिक तत्व सक्रिय हो गए हैं और कुछ ऐसे लोग छात्रों के बीच पहुँच रहे हैं जो विवाद को भड़काना चाहते हैं।
धामी ने आश्वासन दिया कि इस मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल सभी छात्रों के साथ खड़ी है और अब तक 25 हजार से अधिक नियुक्तियाँ पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जा चुकी हैं। शिकायत मिलने पर एसआईटी का गठन किया गया है और सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की देखरेख में जांच जारी है।
सीएम ने कहा कि परीक्षा को एक माह के लिए स्थगित किया गया है ताकि जांच पूरी हो सके। यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है, तो छात्रों के हित में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की कि वे अफवाहों से प्रभावित न हों और अपनी तैयारी पर पूरा ध्यान दें।
