डीएम ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को फटकारते हुए निर्माण नियत समय पर पूरा करने के दिए निर्देश, एसडीएम व एक्सियन लोनिवि को नोडल अधिकारी बनाया.
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बसंल ने भंडारीबाग रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण की धीमी गति पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने कहा कि यह परियोजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है और जनहित से जुड़ी होने के कारण लेटलतीफी क्षम्य नहीं है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ओवरब्रिज का निर्माण नियत समय में पूर्ण होना चाहिए। इसके लिए जिला प्रशासन स्वयं कार्य प्रगति की मॉनिटरिंग करेगा। एसडीएम सदर और एक्सियन लोनिवि को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो रेलवे अधिकारियों के साथ गार्डर ब्रिज प्लेसमेंट और अन्य निर्माण कार्यों का क्लोज मॉनिटरिंग करेंगे।
डीएम ने कहा कि अधूरा प्रोजेक्ट शहरवासियों को असुविधा और जाम की समस्या दे रहा है। भंडारीबाग आरओबी परियोजना का उद्देश्य भंडारीबाग को रेसकोर्स चौक से जोड़कर प्रिंस चौक और हरिद्वार रोड के बीच आवागमन सुगम बनाना है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद निर्माण कार्य में तेजी की उम्मीद जगी है।
