Udayprabhat
uttrakhandएजुकेशनदेहरादूनराजनीति

पेपर लीक पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस बोली– CBI जांच हुई तो 12 घंटे में गिरेगी धामी सरकार

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के पेपर लीक मामले ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। बेरोजगारों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा और अब कांग्रेस ने सरकार पर सीधा हमला बोल दिया है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क, देहरादून में धरना देकर युवाओं के समर्थन में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला।

कांग्रेस का आरोप, BJP नेताओं से जुड़े तार

धरना स्थल से माहरा ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि धामी सरकार इस मामले की CBI जांच नहीं कराना चाहती। उन्होंने दावा किया कि अगर सीबीआई जांच हुई तो “12 घंटे में सरकार गिर जाएगी।” माहरा के अनुसार SIT जांच केवल सरकार के इशारे पर चल रही है और इसमें पकड़े जाने वाले कई आरोपी बीजेपी से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पटवारी, एई और जेई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपियों के तार भाजपा नेताओं से जुड़े पाए गए थे। कुख्यात नकल माफिया हाकम सिंह को 2021 में गिरफ्तार किया गया था, और अब फिर वही नाम सामने आ रहा है।

हरिद्वार सेंटर से लीक हुआ पेपर

मामला तब उजागर हुआ जब 21 सितंबर को हुई स्नातक स्तरीय परीक्षा के दौरान हरिद्वार स्थित एक सेंटर से प्रश्न पत्र के तीन पन्ने बाहर आ गए। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खालिद ने परीक्षा के दौरान फोटो खींचकर अपनी बहन साबिया को भेजे। साबिया ने वह फोटो प्रोफेसर सुमन चौहान तक पहुंचाए। इसके बाद से ही पेपर लीक कांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने खालिद और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया है।

करन माहरा का आरोप है कि जिस संस्थान से पेपर लीक हुआ, वह भी एक भाजपा नेता का है। उन्होंने कहा कि हाकम सिंह जैसे लोगों को बचाने वाले “मगरमच्छ” और भी बड़े नेताओं के नाम सामने आने वाले हैं। अगर हाईकोर्ट की निगरानी में CBI जांच हुई तो “बड़ी मछली” का नाम सामने आते ही भाजपा सरकार गिर जाएगी।

राजनीति में मचा घमासान

पेपर लीक कांड अब सिर्फ बेरोजगार युवाओं की चिंता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह राज्य की राजनीति में गरमा-गरमी का बड़ा मुद्दा बन गया है। कांग्रेस इसे सरकार की “साख पर दाग” बता रही है, जबकि भाजपा बचाव की मुद्रा में दिखाई दे रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा विधानसभा से लेकर सड़कों तक राज्य की राजनीति को गर्माने वाला है।

Leave a Comment