Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

सुपर ओवर में भारत की धमाकेदार जीत, एशिया कप में अजेय रिकॉर्ड बरकरार, श्रीलंका को हराया

भारत ने सुपर-ओवर में श्रीलंका को पहली ही गेंद पर 3 रन दौड़कर हरा दिया है. अपनी-अपनी पारी में दोनों टीमों ने 202 रन बनाए थे. सुपर-ओवर में अर्शदीप सिंह ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को सिर्फ 2 रन बनाने दिए. इसी के साथ 2025 एशिया कप में टीम इंडिया का अजेय रिकॉर्ड बरकरार है, जबकि श्रीलंका सुपर-4 में एक भी मैच नहीं जीत सकी.

दुबई: एशिया कप 2025 के सुपर-फोर चरण का आखिरी मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच जबरदस्त रोमांच के बाद सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां भारत ने जीत दर्ज कर अजेय रिकॉर्ड कायम रखा। भारत के 202 रनों के जवाब में श्रीलंका भी 202 रन बनाने में कामयाब रहा, जिसकी वजह से मैच का नतीज सुपर में आया.

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा (61), तिलक वर्मा (49) और संजू सैमसन (39) की पारियों की बदौलत 202 रन बनाए और टूर्नामेंट में 200 का आंकड़ा पार करने वाली पहली टीम बनी।

जवाब में श्रीलंका ने पाथुन निसंका की शानदार शतकीय पारी (107 रन, 58 गेंद, 7 चौके, 6 छक्के) और कुशल परेरा (85) व शनाका (22 रन, 11 गेंद) की मदद से बराबरी कर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचा दिया। निसंका को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

सुपर ओवर में अर्शदीप सिंह ने केवल 2 रन देकर कुशल परेरा और शनाका को आउट कर भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। भारत को 3 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे कप्तान सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल ने पहली ही गेंद पर दौड़कर हासिल कर लिया।

टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में भारत की यह छठी टाई मैच के बाद की जीत है, जिसमें पांच बार सुपर ओवर और एक बार बाउल आउट से जीत दर्ज की गई है। अब 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का महामुकाबला फाइनल खेला जाएगा।

Leave a Comment