Udayprabhat
accidentuttrakhand

शादी की खुशियां बदली मातम में, दिल्ली जा रहा परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार, खाई में गिरी कार

मसूरी: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मसूरी का है, जहां देर रात देहरादून की ओर जा रही एक कार पानी वाले बैंड के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर तत्काल दून अस्पताल, देहरादून भेजा गया। पुलिस के अनुसार, सभी यात्री मसूरी से एक शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली जा रहे थे।

घायलों की पहचान फरीद अकरम (42), रतन गौड़ (48), ओमप्रकाश जनार्दन (42), मुकेश गौड़ (31) और देशराज (29) के रूप में हुई है। इनमें से कुछ दिल्ली के तुगलकाबाद और कुछ टिहरी गढ़वाल के निवासी हैं।

मौके पर मौजूद पुलिस और राहत दल ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर अचानक गहरी खाई में गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी

उत्तराखंड के साथ पूरे देश में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट बताती है कि सड़क हादसों में सबसे ज्यादा 15 से 29 वर्ष के युवा अपनी जान गंवाते हैं। भारत में हर रोज 16 बच्चे सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। देश में सड़क हादसों के करीब 25 प्रतिशत मामलों में लोगों की मौत हो जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में ट्रांसपोर्ट प्लानिंग और सड़क डिज़ाइनिंग पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता है। सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी हादसों का बड़ा कारण बन रही है।

Leave a Comment